Weather Report Today: कहीं आंधी-पानी तो कहीं भीषण गर्मी, IMD ने जारी किया अलर्ट

देशभर में मौसम का मिजाज अलग-अलग रंग दिखा रहा है। कहीं तेज आंधी और बारिश लोगों की मुश्किलें बढ़ा रही है, तो कहीं गर्मी और लू ने जनजीवन बेहाल कर दिया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली, राजस्थान, गुजरात समेत कई राज्यों के लिए मौसम को लेकर अहम चेतावनी जारी की है।

उत्तर-पश्चिम भारत में 10 से 13 मई के बीच तेज आंधी और बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार कई इलाकों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं पश्चिमी राजस्थान और गुजरात में गर्म हवाओं का असर लगातार बना रह सकता है।

IMD के मुताबिक नॉर्थ-वेस्ट इंडिया में अधिकतम तापमान 10 मई तक 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। इसके बाद 11 से 13 मई तक तापमान में ज्यादा बदलाव की संभावना नहीं है। राजधानी दिल्ली समेत कई शहरों में उमस और गर्मी लोगों को परेशान कर सकती है।

दक्षिण भारत की बात करें तो तमिलनाडु और केरल में अगले 6-7 दिनों तक गरज-चमक के साथ बारिश का दौर जारी रह सकता है। कई इलाकों में तेज हवाएं चलने और भारी बारिश की भी चेतावनी जारी की गई है।

वहीं मध्य भारत में फिलहाल तापमान सामान्य रहने की संभावना है, लेकिन इसके बाद 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। पूर्वोत्तर भारत में भी तापमान बढ़ने के संकेत मिले हैं। मौसम विभाग के अनुसार 8 मई को यहां तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक इजाफा हो सकता है।

महाराष्ट्र में 9 मई तक तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। वहीं गुजरात में भी 9 से 13 मई के बीच गर्मी का असर और तेज होने की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि तेज धूप और लू से बचाव करें, जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें और बारिश-आंधी के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें।

Click to Un-Mute
WhatsApp icon
AWAZ PLUS
Contact us!
Phone icon
AWAZ PLUS