पटना: बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की शिक्षक भर्ती परीक्षा TRE-4 का नोटिफिकेशन जारी नहीं होने से नाराज अभ्यर्थियों का गुस्सा शुक्रवार को पटना की सड़कों पर फूट पड़ा। बड़ी संख्या में शिक्षक अभ्यर्थियों ने पटना कॉलेज से विरोध मार्च निकाला और सरकार व BPSC के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान हालात तनावपूर्ण हो गए, जिसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को नियंत्रित करने की कोशिश की।

मुख्यमंत्री आवास की ओर बढ़ रहे थे अभ्यर्थी
प्रदर्शनकारी छात्र मुख्यमंत्री आवास की ओर मार्च करना चाहते थे। पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए जगह-जगह बैरिकेडिंग की थी, लेकिन अभ्यर्थियों ने बैरिकेड तोड़ने का प्रयास किया। इसी दौरान पुलिस और छात्रों के बीच झड़प हो गई। हालात बिगड़ने पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
अभ्यर्थियों का आरोप है कि TRE-4 भर्ती प्रक्रिया में लगातार देरी की जा रही है। उनका कहना है कि लंबे समय से नोटिफिकेशन का इंतजार किया जा रहा है, लेकिन अब तक विज्ञापन जारी नहीं हुआ। इससे हजारों उम्मीदवारों की उम्र सीमा समाप्त होने का खतरा बढ़ गया है।
शिक्षा मंत्री ने दिया भरोसा
शिक्षक भर्ती TRE-4 को लेकर छात्रों के प्रदर्शन पर बिहार के शिक्षा मंत्री मिथलेश तिवारी ने कहा कि सरकार छात्रों की समस्याओं को गंभीरता से ले रही है। उन्होंने कहा,
“हम विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे और छात्रों की समस्याओं की समीक्षा करेंगे। हर समस्या का समाधान होगा और आज होगा। संवाद से ही विवाद का हल निकलेगा।”
सोशल मीडिया पर भी चला अभियान
इससे पहले अभ्यर्थियों ने सोशल मीडिया पर #Release_TRE4_Notification अभियान चलाकर सरकार और BPSC तक अपनी मांग पहुंचाने की कोशिश की थी। शिक्षा विभाग ने पहले दावा किया था कि TRE-4 का नोटिफिकेशन 19-20 अप्रैल तक जारी कर दिया जाएगा और 26 अप्रैल से आवेदन प्रक्रिया शुरू होगी, लेकिन तय समय बीत जाने के बाद भी भर्ती प्रक्रिया शुरू नहीं हो सकी।
46 हजार से ज्यादा पदों पर होनी है भर्ती
जानकारी के मुताबिक TRE-4 के तहत 46 हजार 882 पदों पर शिक्षकों की भर्ती होनी है। लाखों अभ्यर्थी पिछले दो वर्षों से इस वैकेंसी का इंतजार कर रहे हैं। अभ्यर्थियों का कहना है कि BPSC कैलेंडर के अनुसार परीक्षा अगस्त 2024 में होनी थी और रिजल्ट सितंबर तक जारी किया जाना था, लेकिन अब तक भर्ती विज्ञापन भी जारी नहीं हुआ।
