कारगिल युद्ध से पहले आई थी ‘सरफरोश’, 7 साल की रिसर्च के बाद बनी फिल्म आज भी है देशभक्ति की मिसाल

1999 में रिलीज हुई आमिर खान की फिल्म ‘सरफरोश’ आज भी बॉलीवुड की सबसे दमदार देशभक्ति फिल्मों में गिनी जाती है। 30 अप्रैल 1999 को रिलीज हुई इस एक्शन-थ्रिलर ने आतंकवाद, सीमा पार साजिश और देशभक्ति जैसे मुद्दों को बेहद गंभीरता से बड़े पर्दे पर दिखाया था। खास बात यह रही कि फिल्म कारगिल युद्ध शुरू होने से ठीक पहले सिनेमाघरों में आई थी और रिलीज के कुछ ही समय बाद भारत-पाकिस्तान के बीच कारगिल युद्ध छिड़ गया था।

फिल्म में आमिर खान ने आईपीएस अफसर अजय सिंह राठौड़ का किरदार निभाया था, जो आतंकवादियों और हथियार तस्करों के नेटवर्क को खत्म करने के मिशन पर निकलता है। वहीं नसीरुद्दीन शाह ने गजल गायक ‘गलफाम हसन’ का रोल निभाया, जो बाद में पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से जुड़ा निकला। सोनाली बेंद्रे और मुकेश ऋषि भी अहम भूमिकाओं में नजर आए थे।

बताया जाता है कि फिल्म की स्क्रिप्ट पर काम 1992 में शुरू हो गया था और इसे बनाने में करीब 7 साल की रिसर्च लगी। निर्देशक जॉन मैथ्यू मैथन ने फिल्म को पूरी गंभीरता और वास्तविकता के साथ तैयार किया था। उस दौर में मेकर्स ने फिल्म पर करीब 8 करोड़ रुपये खर्च किए थे, जबकि बॉक्स ऑफिस पर इसने लगभग 33 करोड़ रुपये की कमाई की थी।

‘सरफरोश’ को दर्शकों और समीक्षकों से जबरदस्त सराहना मिली। फिल्म ने नेशनल अवॉर्ड समेत कुल 5 बड़े पुरस्कार अपने नाम किए। आज भी इसके डायलॉग, कहानी और देशभक्ति से भरे दृश्य लोगों के दिलों में बसे हुए हैं। IMDb पर फिल्म को 8.1 की शानदार रेटिंग मिली हुई है।

अगर आप देशभक्ति और दमदार कहानी वाली फिल्में पसंद करते हैं, तो ‘सरफरोश’ आज भी देखने लायक फिल्मों की लिस्ट में सबसे ऊपर मानी जाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

WhatsApp icon
AWAZ PLUS
Contact us!
Phone icon
AWAZ PLUS