MP के पेट्रोल पंप में भीषण आग, कई धमाकों से दहला इलाका; 12 लोग जिंदा झुलसे

मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के पचोर में सोमवार रात एक बड़ा हादसा हो गया। शहर के बीचों-बीच स्थित भारत पेट्रोलियम के पेट्रोल पंप पर अचानक भीषण आग लग गई। हादसे में 12 लोग बुरी तरह झुलस गए, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को इलाज के लिए इंदौर रेफर किया गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा इतना भयावह था कि एक घायल की चमड़ी तक शरीर से अलग हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। सभी घायलों को पहले पचोर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि दो महिलाओं को शाजापुर अस्पताल भेजा गया है।

बताया जा रहा है कि पेट्रोल पंप पर एक ओर ट्रैक्टर और केनो में डीजल भरा जा रहा था, वहीं दूसरी तरफ बाइक और अन्य वाहनों में पेट्रोल डाला जा रहा था। इसी दौरान पास में डीजल टैंक खाली किया जा रहा था। तभी एक बाइक सवार पेट्रोल भरवाने पहुंचा और जैसे ही पेट्रोल डाला गया, बाइक के टैंक में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने पूरे पेट्रोल पंप को अपनी चपेट में ले लिया।

आग लगने के बाद लगातार कई धमाके हुए, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई। आग की लपटें दूर-दूर तक दिखाई देने लगीं। सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। एसडीएम रोहित बामोरे, थाना प्रभारी शकुंतला बामनिया समेत कई अधिकारी राहत और बचाव कार्य में जुट गए।

पचोर, खुजनेर, राजगढ़ और ब्यावरा सहित कई जगहों से फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

WhatsApp icon
AWAZ PLUS
Contact us!
Phone icon
AWAZ PLUS