उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले में 24 घंटे के भीतर तीन लोगों की हत्या कर दहशत फैलाने वाले आरोपी को यूपी पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया। आरोपी बिना किसी निजी रंजिश के लोगों को निशाना बना रहा था, जिससे इलाके में डर का माहौल बन गया था।

आरोपी की पहचान गुरप्रीत सिंह के रूप में
पुलिस के अनुसार मारा गया आरोपी पंजाब के अमृतसर का रहने वाला गुरप्रीत सिंह था। बताया जा रहा है कि वह 2021 में सेना छोड़ने के बाद मानसिक तनाव में रहने लगा था और शराब का आदी हो गया था। बिहार के आरा में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी छूटने के बाद उसकी मानसिक स्थिति और बिगड़ गई थी।
24 घंटे में ऐसे कीं तीन हत्याएं
पहली हत्या
10 मई को आरोपी ने ताड़ीघाट पैसेंजर ट्रेन में जमानिया निवासी मंगरू की गोली मारकर हत्या कर दी।
दूसरी हत्या
11 मई की रात कोलकाता से जम्मूतवी जा रही एक्सप्रेस ट्रेन में एक यात्री को गोली मार दी गई।
तीसरी हत्या
सोमवार सुबह आरोपी ने अलीनगर स्थित जीवक अस्पताल में भर्ती एक महिला को सिर में गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया।
ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस को सौंपा
अस्पताल में वारदात के बाद स्थानीय लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस जांच में इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य और लोकेशन हिस्ट्री के जरिए तीनों हत्याओं में उसकी संलिप्तता की पुष्टि हुई।
सीन रीक्रिएशन के दौरान हुआ एनकाउंटर
पुलिस के मुताबिक सीन रीक्रिएशन के दौरान आरोपी ने एक पुलिसकर्मी की पिस्टल छीन ली और भागने की कोशिश की। इस दौरान उसने पुलिस टीम पर फायरिंग भी की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके सीने में लगी। घायल अवस्था में उसे मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
दो पुलिसकर्मी भी घायल
इस मुठभेड़ में जीआरपी के एक हेड कांस्टेबल समेत दो पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। आरोपी के पास से रिवॉल्वर, कारतूस और कटी हुई DBBL गन बरामद हुई है। पुलिस को बंदूक का लाइसेंस मिला, लेकिन रिवॉल्वर का लाइसेंस नहीं मिला।
पुलिस ने एनकाउंटर की पुष्टि की
मेडिकल कॉलेज पहुंचे पुलिस अधीक्षक ने आरोपी के एनकाउंटर की आधिकारिक पुष्टि की है। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।
