तेज रफ्तार और वीडियो बनाने का जुनून बना मौत का कारण, 19 वर्षीय इकरा की दर्दनाक मौत

गाजियाबाद | आवाज़ प्लस

गाजियाबाद के वेव सिटी क्षेत्र में तेज रफ्तार और लापरवाही ने एक और जिंदगी छीन ली। स्पोर्ट्स बाइक चला रही 19 वर्षीय इकरा की डिवाइडर से टकराने के बाद मौत हो गई, जबकि पीछे बैठा युवक गंभीर रूप से घायल है। हादसे के समय युवक बाइक पर बैठकर वीडियो बना रहा था।

कैसे हुआ हादसा?
एसीपी वेव सिटी प्रियाश्री पाल के मुताबिक, रविवार तड़के करीब 4 बजे आईएमएस कॉलेज के सामने फ्लाईओवर पर बाइक दुर्घटना की सूचना मिली। पुलिस मौके पर पहुंची तो इकरा (19) और हाशिम (20) घायल अवस्था में मिले। दोनों बिना हेलमेट के थे और बाइक तेज रफ्तार में थी, जिससे संतुलन बिगड़ने पर वह डिवाइडर से जा टकराई।

इकरा की मौत, हाशिम की हालत गंभीर
घटना में इकरा के सिर पर गंभीर चोट आई थी। उसे तुरंत नजदीकी निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं हाशिम को संयुक्त जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

घर से बाजार जाने निकली थी इकरा
पुलिस के अनुसार, इकरा शनिवार सुबह करीब 11 बजे बाजार जाने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटी। परिजन उसकी तलाश कर रहे थे, तभी रविवार सुबह हादसे की सूचना मिली।

वीडियो बनाने का शौक पड़ा भारी
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हादसे के वक्त युवक पीछे बैठकर वीडियो बना रहा था। घटना से जुड़े कुछ वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें बाइक तेज रफ्तार में दिखाई दे रही है।

युवक का था बाइक, पास में ही रहता है
घायल हाशिम वेल्डिंग की दुकान में काम करता है और इकरा के घर के पास ही रहता है। दोनों युवक-युवती स्पोर्ट्स बाइक आर-15 पर सवार थे, जो हाशिम की बताई जा रही है।

पुलिस जांच जारी
फिलहाल पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। अधिकारियों का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद मौत के सटीक कारण स्पष्ट होंगे। अभी तक किसी पक्ष की ओर से कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।

(आवाज़ प्लस की अपील)
तेज रफ्तार, बिना हेलमेट और स्टंट या वीडियो बनाने का शौक जानलेवा साबित हो सकता है। सड़क पर सुरक्षा नियमों का पालन ही जीवन की सबसे बड़ी गारंटी है।

Click to Un-Mute
WhatsApp icon
AWAZ PLUS
Contact us!
Phone icon
AWAZ PLUS