नोएडा, आवाज़ प्लस:
उत्तर प्रदेश के नोएडा में मजदूरों का प्रदर्शन सोमवार को हिंसक हो गया। पिछले चार दिनों से चल रहे इस आंदोलन ने अचानक उग्र रूप ले लिया, जिससे कई इलाकों में तनाव की स्थिति पैदा हो गई। मजदूर सैलरी बढ़ाने और कामकाज से जुड़ी अनियमितताओं को लेकर विरोध कर रहे हैं। उनका आरोप है कि उन्हें बेहद कम वेतन पर काम कराया जा रहा है, जिससे उनका जीवन यापन मुश्किल हो गया है।

स्थिति बिगड़ने के बाद प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस पूरे मामले पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग राज्य की शांति और विकास को बाधित करने के लिए जानबूझकर अशांति फैलाने की साजिश कर रहे हैं।
सीएम योगी ने अपने बयान में कहा कि उत्तर प्रदेश में केंद्र और राज्य सरकार मिलकर सुरक्षा, सुशासन और औद्योगिक विकास का मॉडल तैयार कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं को रोजगार, व्यापारियों को सुरक्षा और किसानों को समृद्धि देने के लिए लगातार काम कर रही है। ऐसे में कुछ तत्व इस प्रगति को रोकने की कोशिश कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने औद्योगिक इकाइयों में कार्यरत श्रमिकों और कर्मचारियों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि वे सरकार पर भरोसा रखें। उन्होंने कोरोना काल का उदाहरण देते हुए कहा कि उस कठिन समय में सरकार ने श्रमिकों को घर पहुंचाने से लेकर हर संभव सुविधा उपलब्ध कराई थी।
फिलहाल प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है और संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि स्थिति को जल्द ही नियंत्रण में लाने के प्रयास जारी हैं।
