नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज़ संजू सैमसन ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए मार्च महीने के लिए ICC प्लेयर ऑफ द मंथ का खिताब अपने नाम कर लिया है। टी20 विश्व कप 2026 में शानदार प्रदर्शन के दम पर सैमसन ने यह सम्मान हासिल किया।

टी20 विश्व कप की शुरुआत में प्लेइंग इलेवन से बाहर रहने वाले सैमसन ने टूर्नामेंट के अहम पड़ाव पर जब मौका मिला, तो उसका पूरा फायदा उठाया। उन्होंने नॉकआउट मुकाबलों में लगातार तीन शानदार अर्धशतकीय पारियां खेलकर टीम इंडिया की जीत में निर्णायक भूमिका निभाई।
वेस्टइंडीज के खिलाफ खेले गए मुकाबले में सैमसन ने 97 रन की विस्फोटक पारी खेली और भारत को सेमीफाइनल में पहुंचाया। इसके बाद इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में उन्होंने 89 रन बनाए। वहीं, अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले गए फाइनल मुकाबले में भी उन्होंने 89 रनों की अहम पारी खेलकर भारत को खिताब दिलाने में योगदान दिया।
मार्च महीने में सैमसन का प्रदर्शन बेहद शानदार रहा। उन्होंने तीन टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 137.50 के औसत और 199.27 के स्ट्राइक रेट से कुल 275 रन बनाए। इस दौरान उन्हें दो बार प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार भी मिला। उनके इस प्रदर्शन का असर ICC रैंकिंग में भी देखने को मिला, जहां उन्होंने लंबी छलांग लगाकर टॉप-20 में जगह बना ली।
इस उपलब्धि के साथ सैमसन ने इतिहास रच दिया है। वे ICC प्लेयर ऑफ द मंथ का पुरस्कार जीतने वाले केरल के पहले खिलाड़ी बन गए हैं। इससे पहले कई भारतीय खिलाड़ी यह सम्मान हासिल कर चुके हैं, लेकिन केरल के किसी खिलाड़ी के लिए यह पहली बार है।
संजू सैमसन की इस सफलता ने न केवल भारतीय क्रिकेट को गौरवान्वित किया है, बल्कि केरल के क्रिकेट इतिहास में भी एक नया अध्याय जोड़ दिया है।
