अमृतसर में बॉर्डर पार हथियार तस्करी गिरोह का भंडाफोड़, तीन गिरफ्तार

चंडीगढ़/अमृतसर: पंजाब पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए सीमा पार से अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस ऑपरेशन में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से छह पिस्तौल बरामद की गई हैं।

पंजाब के पुलिस महानिदेशक (DGP) गौरव यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर जानकारी देते हुए बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी सोशल मीडिया के माध्यम से पाकिस्तान में बैठे तस्करों के संपर्क में थे। ये आरोपी सीमा पार से हथियार मंगवाकर उन्हें पंजाब के विभिन्न आपराधिक तत्वों तक पहुंचाने का काम करते थे।

पुलिस के अनुसार, अमृतसर के कैंटोनमेंट थाना क्षेत्र में आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और उनके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

डीजीपी ने कहा कि इस मामले में आगे-पीछे के लिंक खंगाले जा रहे हैं ताकि पूरे नेटवर्क को जड़ से खत्म किया जा सके।

बटाला में भी सामने आया था ऐसा मामला

इससे पहले बटाला में भी पंजाब पुलिस ने सीमा पार से जुड़े एक अन्य तस्करी गिरोह का पर्दाफाश किया था। उस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था, जिनके पास से 5 किलोग्राम हेरोइन, .30 कैलिबर की पिस्तौल, छह कारतूस और एक लाख रुपये नकद बरामद किए गए थे। यह कार्रवाई 30 मार्च को हुई एक जबरन वसूली से जुड़ी फायरिंग की घटना की जांच के दौरान की गई थी।

पंजाब पुलिस का कहना है कि राज्य में सीमा पार से हो रही तस्करी और आपराधिक गतिविधियों पर सख्ती से कार्रवाई जारी रहेगी और ऐसे नेटवर्क को पूरी तरह खत्म किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

WhatsApp icon
AWAZ PLUS
Contact us!
Phone icon
AWAZ PLUS