आईपीएल के बीच चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) को बड़ा झटका लगा है। टीम के तेज गेंदबाज खलील अहमद चोट के कारण पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। पहले से ही संघर्ष कर रही टीम के लिए यह खबर मुश्किलें और बढ़ाने वाली है। हालांकि, फ्रेंचाइज़ी ने अभी तक उनके रिप्लेसमेंट का ऐलान नहीं किया है।

चोट से पहले प्रदर्शन में दिखी थी सुधार की झलक
खलील अहमद इस सीजन में लगातार टीम का हिस्सा रहे थे। शुरुआती तीन मुकाबलों में उन्हें कोई सफलता नहीं मिली थी, लेकिन चौथे और पांचवें मैच में उन्होंने एक-एक विकेट लेकर वापसी के संकेत दिए थे। कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ खेले गए पिछले मुकाबले में वह चोटिल हो गए थे, जिसके बाद उनके बाहर होने की आशंका जताई जा रही थी।
10-12 हफ्ते तक क्रिकेट से दूर रहेंगे खलील
मिली जानकारी के मुताबिक खलील अहमद क्वाड्रिसेप्स (जांघ की मांसपेशी) की ग्रेड-2 चोट से जूझ रहे हैं। 14 अप्रैल को खेले गए मैच के दौरान उन्होंने दाहिने कूल्हे में दर्द की शिकायत की थी। मेडिकल रिपोर्ट के अनुसार उन्हें पूरी तरह ठीक होने में कम से कम 10 से 12 हफ्तों का समय लगेगा। ऐसे में वह आईपीएल के बाकी मैचों में नहीं खेल पाएंगे।
अंक तालिका में CSK की स्थिति चिंताजनक
इस समय चेन्नई सुपर किंग्स का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा है। टीम ने अब तक 5 मैचों में सिर्फ 2 जीत दर्ज की है, जबकि 3 में हार का सामना करना पड़ा है। 4 अंकों के साथ टीम अंक तालिका में आठवें स्थान पर है।
अगला मुकाबला हैदराबाद से
CSK का अगला मैच 18 अप्रैल को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा। खलील की गैरमौजूदगी में टीम किस संयोजन के साथ मैदान में उतरती है और उनकी जगह किस खिलाड़ी को मौका मिलता है, इस पर सबकी नजरें रहेंगी।
