ईरान-अमेरिका तनाव के बीच पाकिस्तान की ‘शांति पहल’, तेहरान से वाशिंगटन तक सक्रिय हुए असीम मुनीर

 

लखनऊ/तेहरान/वॉशिंगटन:
ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव के बीच पाकिस्तान ने एक बार फिर शांति वार्ता की पहल तेज कर दी है। पाकिस्तान के आर्मी चीफ असीम मुनीर इन दिनों तेहरान दौरे पर हैं, जहां वे ईरानी नेतृत्व के साथ उच्चस्तरीय बातचीत कर रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक, तेहरान के बाद मुनीर सीधे वॉशिंगटन रवाना हो सकते हैं, जहां वे अमेरिकी अधिकारियों से मुलाकात करेंगे।

पहला दौर रहा बेनतीजा

इससे पहले 11 अप्रैल को इस्लामाबाद में ईरान-अमेरिका के बीच शांति वार्ता आयोजित की गई थी, लेकिन करीब 21 घंटे चली बातचीत का कोई ठोस नतीजा नहीं निकला। अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और ईरानी प्रतिनिधिमंडल के बीच तीखी बयानबाजी के बाद वार्ता खत्म हो गई थी।

इमेज सुधारने की कोशिश में पाकिस्तान

विशेषज्ञों का मानना है कि पाकिस्तान इस मध्यस्थता के जरिए अपनी वैश्विक छवि सुधारने की कोशिश कर रहा है। आर्थिक संकट से जूझ रहे पाकिस्तान को हाल ही में सऊदी अरब और कतर से करीब 5 अरब डॉलर की सहायता मिली है। माना जा रहा है कि इस कूटनीतिक सक्रियता के जरिए पाकिस्तान अन्य देशों, खासकर ओमान, से भी आर्थिक सहयोग हासिल करना चाहता है।

तेहरान में अहम बैठकें

तेहरान में अपने दौरे के दौरान असीम मुनीर ने ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची सहित कई वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात की। इन बैठकों का उद्देश्य दोनों देशों के बीच विश्वास बहाल करना और दूसरे दौर की वार्ता के लिए सहमति बनाना बताया जा रहा है।

क्या सफल होगी दूसरी पहल?

पाकिस्तान की यह दूसरी कोशिश ऐसे समय में हो रही है जब क्षेत्रीय तनाव चरम पर है। हालांकि पहले प्रयास की विफलता के बाद इस पहल की सफलता को लेकर संशय बना हुआ है। अब नजरें इस बात पर टिकी हैं कि तेहरान और वॉशिंगटन के बीच पाकिस्तान की यह कूटनीतिक कवायद क्या कोई ठोस परिणाम ला पाएगी या नहीं।

(आवाज़ प्लस के लिए विशेष रिपोर्ट)

Click to Un-Mute
WhatsApp icon
AWAZ PLUS
Contact us!
Phone icon
AWAZ PLUS