पहलगाम हमले की बरसी पर पीएम मोदी का संदेश—भारत आतंकवाद के आगे नहीं झुकेगा

नई दिल्ली (आवाज़ प्लस):
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले की पहली बरसी पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शहीद हुए निर्दोष नागरिकों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए कहा कि देश इस दर्द को कभी नहीं भूल सकता और आतंकवाद के खिलाफ भारत का संकल्प अटूट है।

प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में लिखा कि “पिछले साल आज ही के दिन पहलगाम में हुए भयानक आतंकी हमले में जान गंवाने वाले निर्दोष लोगों को याद कर रहा हूं। उन्हें कभी भुलाया नहीं जाएगा। मेरी संवेदनाएं उन शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं।” उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत आतंकवाद के किसी भी रूप के आगे कभी नहीं झुकेगा और आतंकियों के नापाक मंसूबे कभी सफल नहीं होंगे।

सेना का सख्त संदेश
इस मौके पर भारतीय सेना ने भी आतंकियों और उनके समर्थकों को कड़ा संदेश दिया। सेना ने अपने आधिकारिक पोस्ट में कहा, “भारत के खिलाफ किए गए कृत्यों का जवाब मिलना तय है। न्याय जरूर मिलेगा—हमेशा।”

सेना ने ‘ऑपरेशन महादेव’ से जुड़ा एक ग्राफिक्स भी साझा किया, जिसमें बताया गया कि पहलगाम हमले के जिम्मेदार आतंकियों को किस तरह मार गिराया गया।

हमले की पृष्ठभूमि
गौरतलब है कि पिछले साल पहलगाम की बैसरन घाटी में आतंकियों ने पर्यटकों को निशाना बनाते हुए निर्मम हमला किया था। धर्म पूछकर लोगों को गोली मारी गई थी, जिससे कई निर्दोष नागरिकों की जान चली गई और कई गंभीर रूप से घायल हुए। इस घटना ने पूरे देश को झकझोर दिया था।

हमले के बाद भारतीय सेना ने जवाबी कार्रवाई करते हुए आतंकियों के खिलाफ बड़े स्तर पर अभियान चलाया और पाकिस्तान स्थित आतंकी ठिकानों को भी निशाना बनाया।

पहलगाम हमले की बरसी पर देश एक बार फिर शोक और संकल्प के साथ एकजुट नजर आया। सरकार और सेना दोनों ने साफ कर दिया है कि आतंकवाद के खिलाफ भारत की नीति ‘जीरो टॉलरेंस’ की है और हर हमले का जवाब दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

WhatsApp icon
AWAZ PLUS
Contact us!
Phone icon
AWAZ PLUS