नई दिल्ली स्टेशन के पुनर्विकास के चलते 30 ट्रेनें होंगी शिफ्ट, भोपाल शताब्दी और प्रयागराज हमसफर भी शामिल

नई दिल्ली: देश के सबसे व्यस्त रेलवे स्टेशनों में शामिल नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास को लेकर बड़ा फैसला लिया गया है। स्टेशन पर निर्माण कार्य को ध्यान में रखते हुए करीब 30 ट्रेनों को राजधानी के अन्य रेलवे स्टेशनों पर शिफ्ट करने की तैयारी की जा रही है। इस संबंध में उत्तर रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों ने रेलवे बोर्ड को प्रस्ताव भेज दिया है।

मंजूरी मिलने के बाद इन ट्रेनों को इस साल त्योहारी सीजन से पहले ही नई दिल्ली स्टेशन से हटाकर अन्य स्टेशनों से संचालित किया जाएगा। बताया जा रहा है कि स्टेशन के पुनर्विकास में लगभग चार साल का समय लग सकता है, ऐसे में इस अवधि के दौरान यात्रियों को बदले हुए स्टेशनों से यात्रा करनी होगी।

इन ट्रेनों को किया जाएगा शिफ्ट

प्रस्ताव के अनुसार, नई दिल्ली-रानी कमलापति शताब्दी एक्सप्रेस (भोपाल शताब्दी), नई दिल्ली-झांसी ताज एक्सप्रेस और नई दिल्ली-डॉ. अंबेडकर नगर सुपरफास्ट एक्सप्रेस को हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन से चलाने की योजना है।

वहीं नई दिल्ली-देहरादून शताब्दी एक्सप्रेस, नई दिल्ली-काठगोदाम शताब्दी एक्सप्रेस और नई दिल्ली-प्रयागराज हमसफर एक्सप्रेस को आनंद विहार टर्मिनल शिफ्ट किया जा सकता है।

इसके अलावा नई दिल्ली-हावड़ा पूर्वा एक्सप्रेस, नई दिल्ली-सहरसा वैशाली एक्सप्रेस और नई दिल्ली-बनारस सुपरफास्ट एक्सप्रेस को शकूरबस्ती रेलवे स्टेशन से चलाने का प्रस्ताव है।

नई दिल्ली से बरौनी और दरभंगा के लिए चलने वाली स्पेशल ट्रेनों को सफदरजंग रेलवे स्टेशन से संचालित करने की योजना बनाई गई है।

यात्रियों को होगी असुविधा, लेकिन मिलेगा बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर

रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, यह बदलाव अस्थायी होगा, लेकिन इससे यात्रियों को कुछ समय तक असुविधा का सामना करना पड़ सकता है। हालांकि, पुनर्विकास पूरा होने के बाद नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं और बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर मिलेगा।

फिलहाल रेलवे बोर्ड की मंजूरी का इंतजार है। मंजूरी मिलते ही ट्रेनों के संचालन में यह बड़ा बदलाव लागू कर दिया जाएगा।

Click to Un-Mute
WhatsApp icon
AWAZ PLUS
Contact us!
Phone icon
AWAZ PLUS