IPL 2026 अब अपने सबसे रोमांचक दौर में पहुंच चुका है और आज का मुकाबला प्लेऑफ की तस्वीर बदल सकता है। कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डन्स में तीन बार की चैंपियन Kolkata Knight Riders का सामना 2022 की विजेता Gujarat Titans से होने जा रहा है। जहां एक ओर KKR के लिए यह मुकाबला “करो या मरो” जैसा है, वहीं गुजरात की नजर जीत के साथ प्लेऑफ का टिकट पक्का करने पर होगी।

KKR के लिए हर मैच फाइनल जैसा
अजिंक्य रहाणे की कप्तानी में KKR का यह सीजन काफी उतार-चढ़ाव भरा रहा है। शुरुआती मुकाबलों में लगातार हार के बाद टीम की प्लेऑफ उम्मीदें लगभग खत्म मानी जा रही थीं। लेकिन इसके बाद कोलकाता ने शानदार वापसी करते हुए लगातार चार जीत दर्ज कर फिर से मुकाबले में वापसी की।
हालांकि पिछले मैच में RCB के खिलाफ मिली हार ने टीम की मुश्किलें फिर बढ़ा दी हैं। फिलहाल KKR 11 मैचों में 9 अंकों के साथ अंक तालिका में आठवें स्थान पर मौजूद है। अब टीम को प्लेऑफ में पहुंचने के लिए अपने बाकी सभी मुकाबले जीतने होंगे।
गुजरात टाइटंस शानदार फॉर्म में
दूसरी तरफ शुभमन गिल की कप्तानी वाली गुजरात टाइटंस इस समय जबरदस्त लय में नजर आ रही है। टीम लगातार पांच मुकाबले जीत चुकी है और 12 मैचों में 16 अंकों के साथ पॉइंट्स टेबल में दूसरे नंबर पर बनी हुई है।
अगर गुजरात आज KKR को हराने में सफल रहती है, तो वह IPL 2026 प्लेऑफ में पहुंचने वाली पहली टीम बन जाएगी। साथ ही टीम अंक तालिका में नंबर-1 स्थान पर भी पहुंच सकती है।
हेड टू हेड में गुजरात का दबदबा
KKR और गुजरात के बीच अब तक कुल 6 मुकाबले खेले गए हैं। इनमें गुजरात टाइटंस ने 4 मैचों में जीत हासिल की है, जबकि कोलकाता को सिर्फ 1 मुकाबले में सफलता मिली है। एक मैच बारिश के कारण रद्द हो गया था।
सबसे दिलचस्प बात यह है कि KKR ने गुजरात के खिलाफ अपनी आखिरी जीत अप्रैल 2023 में दर्ज की थी। इसके बाद से गुजरात लगातार कोलकाता पर भारी पड़ती नजर आई है।
अब सभी की नजरें ईडन गार्डन्स पर टिकी हैं, जहां यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या KKR तीन साल का इंतजार खत्म कर गुजरात को हरा पाएगी या फिर गुजरात अपनी जीत की रफ्तार बरकरार रखते हुए प्लेऑफ का टिकट पक्का कर लेगी।
