कॉमेडी की दुनिया में अपनी अलग पहचान बना चुके सुदेश लहरी इन दिनों एक बार फिर चर्चा में हैं। वजह उनकी कॉमेडी नहीं, बल्कि इंसानियत से जुड़ी एक ऐसी कहानी है, जिसने हर किसी का दिल छू लिया। टीवी शो लाफ्टर शेफ्स 3 में कृष्णा अभिषेक ने सुदेश लहरी की जिंदगी से जुड़ा ऐसा किस्सा सुनाया, जिसे सुनकर शो में मौजूद सभी लोग भावुक हो गए।

श्मशान घाट में मिली थीं बुजुर्ग महिला
कृष्णा अभिषेक ने बताया कि एक समय सुदेश लहरी बेहद गरीबी में जिंदगी गुजार रहे थे। वह किसी अंतिम संस्कार में शामिल होने श्मशान घाट पहुंचे थे। वहीं उनकी नजर एक बुजुर्ग महिला पर पड़ी, जो अकेली एक कोने में बैठी थी। महिला के शरीर पर घाव थे और उसकी हालत बेहद खराब थी।
महिला की हालत देखकर सुदेश लहरी खुद को रोक नहीं पाए और उसे अपने घर ले आए। उस समय उनकी आर्थिक स्थिति इतनी खराब थी कि वह ढाबे पर बर्तन धोकर गुजारा करते थे, लेकिन फिर भी उन्होंने उस महिला को मां का दर्जा देकर उसकी सेवा की।
मां की तरह रखा ख्याल
बताया गया कि सुदेश लहरी ने उस महिला की दिन-रात सेवा की। उन्होंने कभी यह नहीं सोचा कि उनके पास खुद के लिए भी पर्याप्त साधन नहीं हैं। बुजुर्ग महिला उनके घर में परिवार का हिस्सा बनकर रहने लगी।
कुछ समय बाद जब महिला की मौत हुई तो जाते-जाते उसने सुदेश लहरी को आशीर्वाद देते हुए कहा था —
“तेरा कभी कुछ बुरा नहीं होगा और तू जिंदगी में बहुत सफल होगा।”
महिला के आशीर्वाद के बाद बदली किस्मत
कृष्णा अभिषेक के मुताबिक, बुजुर्ग महिला की मौत के कुछ समय बाद ही सुदेश लहरी की जिंदगी बदलनी शुरू हो गई। उन्हें मुंबई से काम का पहला फोन आया और फिर उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा।
आज सुदेश लहरी देश के लोकप्रिय कॉमेडियन्स में गिने जाते हैं और कई बड़े टीवी शोज़ का हिस्सा रह चुके हैं। उनकी यह कहानी सिर्फ संघर्ष नहीं, बल्कि इंसानियत और सेवा की मिसाल भी बन गई है।
