पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने ICC महिला T20 वर्ल्ड कप 2026 और आयरलैंड में होने वाली ट्राई-सीरीज के लिए 15 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है। युवा ऑलराउंडर Fatima Sana को लगातार दूसरी बार टीम की कप्तानी सौंपी गई है। पाकिस्तान की टीम इस बार नए जोश और युवा खिलाड़ियों के दम पर पहली बार खिताब जीतने के इरादे से मैदान में उतरेगी।

5 नए खिलाड़ियों को मिला मौका
इस बार पाकिस्तान की स्क्वाड में पांच नए चेहरों को शामिल किया गया है। एयमान फातिमा, नतालिया परवेज, रमीन शमीम, सायरा जाबिन और तस्मिया रुबाब पहली बार महिला T20 वर्ल्ड कप खेलती नजर आएंगी। हाल ही में जिम्बाब्वे के खिलाफ 3-0 से T20 सीरीज जीतने के बाद टीम का आत्मविश्वास काफी बढ़ा हुआ है।
वर्ल्ड कप से पहले ट्राई-सीरीज खेलेगा पाकिस्तान
पाकिस्तान महिला टीम वर्ल्ड कप से पहले आयरलैंड में ट्राई-सीरीज खेलेगी, जिसमें मेजबान आयरलैंड और वेस्टइंडीज की टीमें भी हिस्सा लेंगी। यह सीरीज 28 मई से 4 जून तक डबलिन में आयोजित होगी। पाकिस्तान इस टूर्नामेंट में कुल चार मुकाबले खेलेगा।
इसके अलावा टीम वर्ल्ड कप से पहले दो वॉर्म-अप मैच भी खेलेगी। पाकिस्तान 6 जून को श्रीलंका और 9 जून को स्कॉटलैंड के खिलाफ अभ्यास मैच खेलेगा।
भारत-पाकिस्तान महामुकाबले से होगी शुरुआत
पाकिस्तान महिला टीम अपने T20 वर्ल्ड कप अभियान की शुरुआत चिर प्रतिद्वंदी India women’s national cricket team के खिलाफ करेगी। दोनों टीमों के बीच यह हाई-वोल्टेज मुकाबला 14 जून को एजबेस्टन, बर्मिंघम में खेला जाएगा। क्रिकेट फैंस की नजरें इस मुकाबले पर टिकी रहेंगी।
इसके बाद पाकिस्तान की टीम साउथ अफ्रीका, बांग्लादेश, ऑस्ट्रेलिया और नीदरलैंड के खिलाफ ग्रुप स्टेज मैच खेलेगी।
पाकिस्तान महिला टीम स्क्वाड
फातिमा सना (कप्तान), आलिया रियाज, आयशा जफर, डायना बेग, एमान फातिमा, गुल फिरोजा, इरम जावेद, मुनीबा अली सिद्दीकी (विकेटकीपर), नशरा संधू, नतालिया परवेज, रमीन शमीम, सादिया इकबाल, साइरा जबीन, तस्मिया रुबाब और तुबा हसन।
