BAN vs PAK 2nd Test: मैदान पर बड़ा हादसा, हसन अली का सिर पिच से टकराया, स्ट्रेचर पर बाहर ले जाया गया

बांग्लादेश और पाकिस्तान के बीच सिलहट में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच के दौरान एक डराने वाला हादसा देखने को मिला। पाकिस्तान के अनुभवी तेज गेंदबाज हसन अली कैच पकड़ने की कोशिश में गंभीर रूप से चोटिल हो गए, जिसके बाद मैदान पर कुछ देर के लिए सन्नाटा छा गया। हालत ऐसी हो गई कि मेडिकल टीम को तुरंत मैदान पर आना पड़ा और हसन अली को स्ट्रेचर पर बाहर ले जाया गया।

कैच लेने के दौरान हुआ हादसा

यह घटना मैच के पहले दिन आठवें ओवर में हुई। हसन अली अपनी ही गेंद पर तंजीद हसन तमीम का कैच पकड़ने की कोशिश कर रहे थे। बल्लेबाज के बल्ले का बाहरी किनारा लगने के बाद गेंद हवा में गई, लेकिन फॉलो-थ्रू में संतुलन बिगड़ने के कारण हसन अली सीधे पिच पर गिर पड़े। गिरते समय उनका सिर जोर से जमीन से टकराया।

हसन कुछ सेकेंड तक मैदान पर बिल्कुल स्थिर पड़े रहे, जिसे देखकर साथी खिलाड़ी और दर्शक घबरा गए। बाद में वह सिर पकड़ते हुए नजर आए और उन्हें चक्कर आने की शिकायत भी हुई। मेडिकल स्टाफ तुरंत मैदान पर पहुंचा और प्राथमिक जांच के बाद उन्हें स्ट्रेचर पर मैदान से बाहर ले जाया गया।

टीम मैनेजमेंट की बढ़ी चिंता

कैमरों में पाकिस्तान टीम के कोच सरफराज अहमद और गेंदबाजी कोच उमर गुल काफी चिंतित दिखाई दिए। हसन अली के ओवर की बची हुई गेंदें सलमान अली आगा ने पूरी कीं। हालांकि राहत की बात यह रही कि कुछ देर बाद हसन अली दोबारा मैदान पर लौटे और 19वें ओवर में गेंदबाजी करते नजर आए।

पाकिस्तान ने चुनी पहले गेंदबाजी

मैच में पाकिस्तान के कप्तान शान मसूद ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। सिलहट की पिच तेज गेंदबाजों के लिए मददगार साबित हो रही थी। मोहम्मद अब्बास ने मैच की दूसरी ही गेंद पर महमूदुल हसन जॉय को आउट कर पाकिस्तान को शानदार शुरुआत दिलाई।

इसके बाद तंजीद हसन तमीम और मोमिनुल हक ने तेजी से रन बनाकर पारी संभालने की कोशिश की, लेकिन अब्बास ने तंजीद को 26 रन पर आउट कर पाकिस्तान को दूसरी सफलता भी दिला दी।

Click to Un-Mute
WhatsApp icon
AWAZ PLUS
Contact us!
Phone icon
AWAZ PLUS