RBL Bank में दुबई के Emirates NBD Bank की बड़ी एंट्री, वित्त मंत्रालय से मिली मंजूरी

भारत के बैंकिंग सेक्टर में एक बड़ा विदेशी निवेश होने जा रहा है। दुबई के मशहूर बैंक Emirates NBD को RBL Bank में 74 प्रतिशत तक हिस्सेदारी खरीदने के लिए वित्त मंत्रालय से मंजूरी मिल गई है। इस डील के जरिए करीब 26,850 करोड़ रुपये का निवेश भारत में आएगा, जिसे बैंकिंग सेक्टर के सबसे बड़े विदेशी निवेशों में गिना जा रहा है।

RBL Bank ने शेयर बाजार को दी जानकारी में बताया कि वित्त मंत्रालय के वित्तीय सेवा विभाग ने इस प्रस्तावित अधिग्रहण को मंजूरी दे दी है। यह मंजूरी बैंक की कुल चुकता इक्विटी शेयर पूंजी में 49 प्रतिशत से ज्यादा और 74 प्रतिशत तक हिस्सेदारी खरीदने के लिए दी गई है। इस सौदे का ऐलान पहली बार 18 अक्टूबर 2025 को किया गया था।

280 रुपये प्रति शेयर के भाव पर होगी खरीदारी

प्रस्तावित निवेश के तहत Emirates NBD Bank करीब 3 अरब डॉलर यानी लगभग 26,850 करोड़ रुपये का निवेश करेगा। बैंक यह हिस्सेदारी तरजीही निर्गम (Preferential Issue) के जरिए खरीदेगा। इसके तहत 280 रुपये प्रति शेयर के हिसाब से 95 करोड़ 90 लाख से ज्यादा इक्विटी शेयर खरीदे जाएंगे।

इस डील के पूरा होने के बाद Emirates NBD Bank की हिस्सेदारी RBL Bank में 51 प्रतिशत से लेकर 74 प्रतिशत तक हो सकती है। हालांकि अंतिम हिस्सेदारी नियामकीय शर्तों पर निर्भर करेगी।

RBI और CCI भी दे चुके हैं मंजूरी

इस अधिग्रहण प्रस्ताव को पहले ही भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) और प्रतिस्पर्धा आयोग (CCI) से मंजूरी मिल चुकी है। अब वित्त मंत्रालय की मंजूरी के बाद यह डील लगभग पूरी तरह से साफ मानी जा रही है।

डील के बाद RBL Bank विदेशी बैंक की सब्सिडरी मॉडल के तहत काम करेगा और Emirates NBD Bank को बैंक का प्रमोटर माना जाएगा।

सोमवार को शेयर में दिख सकता है बड़ा एक्शन

शुक्रवार को RBL Bank का शेयर 0.31 प्रतिशत की तेजी के साथ 338 रुपये पर बंद हुआ था। अब वित्त मंत्रालय की मंजूरी मिलने के बाद सोमवार को बैंक के शेयरों में जोरदार हलचल देखने को मिल सकती है। बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि यह खबर मौजूदा शेयरधारकों के लिए बेहद सकारात्मक साबित हो सकती है।

Click to Un-Mute
WhatsApp icon
AWAZ PLUS
Contact us!
Phone icon
AWAZ PLUS