तमिलनाडु में आज मतदान: 5 करोड़ वोटर तय करेंगे स्टालिन, पलानीस्वामी और विजय की किस्मत

आवाज़ प्लस | विशेष रिपोर्ट

चेन्नई: तमिलनाडु में 17वीं विधानसभा के गठन के लिए आज (23 अप्रैल) राज्य की सभी 234 सीटों पर एक ही चरण में मतदान हो रहा है। इस हाई-वोल्टेज चुनाव में मुख्य मुकाबला एम.के. स्टालिन की अगुवाई वाले DMK गठबंधन और एडप्पाडी के. पलानीस्वामी के नेतृत्व वाले AIADMK गठबंधन के बीच है, जबकि अभिनेता से नेता बने सी. जोसेफ विजय का ‘विजय फैक्टर’ इस चुनाव को और दिलचस्प बना रहा है।

राज्य में कुल 4,023 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें कई बड़े और हाई-प्रोफाइल चेहरे शामिल हैं। प्रमुख उम्मीदवारों में कोलथुर से एम.के. स्टालिन, एडप्पाडी से पलानीस्वामी, पेरम्बुर और त्रिची ईस्ट से विजय, और कारईकुडी से सीमान प्रमुख हैं। वहीं, चेपॉक-थिरुवल्लिकेनी से उदयनिधि स्टालिन, बोदीनायकनूर से ओ. पन्नीरसेल्वम और विरुदाचलम से प्रेमलता विजयकांत जैसे दिग्गज भी मैदान में हैं।

राजनीतिक समीकरणों की बात करें तो DMK गठबंधन में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस सहित 13 दल शामिल हैं, जबकि AIADMK गठबंधन में भारतीय जनता पार्टी समेत 9 सहयोगी दल हैं। दोनों गठबंधन अपनी-अपनी जीत का दावा कर रहे हैं।

इस चुनाव में 5 करोड़ से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। खास बात यह है कि महिला मतदाताओं की संख्या पुरुषों से लगभग एक लाख अधिक है, जो परिणामों पर निर्णायक असर डाल सकती है। इसके अलावा, 20 से 40 वर्ष आयु वर्ग के 2 करोड़ से ज्यादा युवा वोटर भी चुनावी नतीजों में अहम भूमिका निभाने वाले हैं।

राजनीतिक विश्लेषकों के मुताबिक, विजय की नई पार्टी TVK और उनका युवा वर्ग में प्रभाव इस बार चुनाव का गेमचेंजर साबित हो सकता है। ‘विजय फैक्टर’ ने पारंपरिक मुकाबले को त्रिकोणीय बना दिया है, जिससे परिणाम और भी रोमांचक होने की संभावना है।

अब सबकी नजरें मतदान प्रतिशत और आने वाले नतीजों पर टिकी हैं, जो तय करेंगे कि तमिलनाडु की सत्ता की कमान किसके हाथ में जाएगी।

Click to Un-Mute
WhatsApp icon
AWAZ PLUS
Contact us!
Phone icon
AWAZ PLUS