21 साल बाद भी सूनी रही गोद, 2 बार टूटा मां बनने का सपना… अब कहां हैं ‘वो रहने वाली महलों की’ फेम रीना कपूर?

टीवी की मशहूर अभिनेत्री रीना कपूर एक समय छोटे पर्दे की सबसे पसंदीदा बहुओं में गिनी जाती थीं। खासतौर पर टीवी शो वो रहने वाली महलों की में ‘रानी’ का किरदार निभाकर उन्होंने घर-घर में अपनी खास पहचान बनाई थी। लेकिन अब लंबे समय से वह टीवी इंडस्ट्री से दूर हैं।

रीना कपूर ने अपने करियर की शुरुआत साल 1990 में की थी, लेकिन असली पहचान उन्हें 2005 में आए सीरियल ‘वो रहने वाली महलों की’ से मिली। इस शो के बाद वह टीवी की टॉप एक्ट्रेसेस में शामिल हो गई थीं। उन्होंने कई चर्चित टीवी सीरियल्स और फिल्मों में भी काम किया।

फिल्मों में भी दिखा अभिनय

रीना कपूर ने सिर्फ टीवी ही नहीं बल्कि बॉलीवुड फिल्मों में भी काम किया। वह हीरो हिंदुस्तानी, क्या कहना, डुप्लीकेट शोले और ओम शांति ओम जैसी फिल्मों में नजर आ चुकी हैं। हालांकि फिल्मों में उन्हें वैसी सफलता नहीं मिली जैसी टीवी पर मिली थी।

शादी से लगता था डर

रीना कपूर ने पायलट करण निझेल से अरेंज मैरिज की थी। उन्होंने एक इंटरव्यू में बताया था कि आसपास रिश्तों में लड़ाई-झगड़े और तलाक देखकर उन्हें शादी से डर लगता था। शुरुआत में उन्होंने करण से ठीक व्यवहार भी नहीं किया था, लेकिन करण की पॉजिटिव सोच ने उनका दिल जीत लिया।

2 बार टूटा मां बनने का सपना

रीना कपूर और करण निझेल की शादी को 21 साल हो चुके हैं, लेकिन दोनों अब तक माता-पिता नहीं बन पाए हैं। अभिनेत्री ने खुलासा किया था कि उन्होंने दो बार कंसीव किया, लेकिन दोनों बार मिसकैरिज हो गया। इस दर्दनाक अनुभव के बाद वह काफी टूट गईं और फिर मां बनने की कोशिश छोड़ दी।

रीना और उनके पति ने बच्चा गोद लेने की भी कोशिश की, लेकिन उसमें भी सफलता नहीं मिली। अभिनेत्री का कहना है कि शायद मां बनना उनकी किस्मत में नहीं लिखा था।

लंबे समय से टीवी से दूर

रीना कपूर कहानी घर घर की, आहट, शक्तिः अस्तित्व के एहसास की और राधाकृष्ण जैसे कई चर्चित सीरियल्स का हिस्सा रह चुकी हैं। आखिरी बार वह ‘रंजू की बेटियां’ में नजर आई थीं। साल 2023 के बाद से वह किसी टीवी शो में दिखाई नहीं दी हैं।

आज भी फैंस उन्हें ‘रानी’ के किरदार के लिए याद करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

WhatsApp icon
AWAZ PLUS
Contact us!
Phone icon
AWAZ PLUS