बंगाल चुनाव परिणाम पर ओपी राजभर का तंज, बोले- “4 घंटे बेहोश बैठे थे अखिलेश यादव”

लखनऊ: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद उत्तर प्रदेश की राजनीति में बयानबाज़ी तेज हो गई है। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान राजभर ने दावा किया कि बंगाल चुनाव के नतीजे आने के बाद अखिलेश यादव “चार घंटे तक बेहोश बैठे रहे।”

राजभर ने कहा कि अब विपक्षी दलों को समझ आ गया है कि जनता उन्हें सत्ता में वापस लाने के मूड में नहीं है। उन्होंने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि “वे भी संविधान को नहीं मानती हैं और इसी वजह से अखिलेश यादव उनसे मिलने कोलकाता जा रहे हैं।”

“बिहार से बंगाल तक सब दगे कारतूस”

ओमप्रकाश राजभर ने विपक्षी दलों पर हमला बोलते हुए कहा कि बिहार, पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र, राजस्थान, हरियाणा और दिल्ली की राजनीति में विपक्ष “दगा हुआ कारतूस” साबित हो चुका है। उन्होंने चुनावी रणनीतिकार कंपनी I-PAC पर भी तंज कसते हुए कहा कि “कोयला घोटाले का पैसा खत्म हुआ तो कॉन्ट्रैक्ट भी खत्म हो गया।”

अखिलेश के बंगाल दौरे पर भी कसा तंज

राजभर ने अखिलेश यादव के पश्चिम बंगाल दौरे पर चुटकी लेते हुए कहा, “दीदी से थोड़ी झालमुड़ी जरूर खाकर आइएगा, वो बहुत अच्छा बनाती हैं।” इसके साथ ही उन्होंने समाजवादी पार्टी के PDA फॉर्मूले पर सवाल उठाते हुए कहा कि “इनका PDA सिर्फ डिंपल और अखिलेश तक सीमित है।”

“20 साल तक यूपी में नहीं आएगी सपा सरकार”

सुभासपा प्रमुख ने दावा किया कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी मिलकर भी अगले 20 साल तक उत्तर प्रदेश में सरकार नहीं बना पाएंगे। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल के नतीजों के बाद पूरा देश अब यूपी की राजनीति पर नजर बनाए हुए है।

Awaz Plus Report

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

WhatsApp icon
AWAZ PLUS
Contact us!
Phone icon
AWAZ PLUS