गुरुग्राम में छोटी सी टक्कर पर बवाल, 12वीं की छात्रा को टैक्सी ड्राइवरों ने घेरा; 37 मिनट बाद पहुंची पुलिस

हरियाणा के गुरुग्राम से एक बेहद चिंताजनक मामला सामने आया है, जहां मामूली सड़क हादसे के बाद 12वीं की छात्रा को कथित तौर पर टैक्सी ड्राइवरों ने घेर लिया। घटना सोहना रोड स्थित सेक्टर-49 के पास की बताई जा रही है। छात्रा उस समय अपनी परीक्षा देकर घर लौट रही थी।

परिजनों के मुताबिक, छात्रा अपनी सहेली को छोड़कर ड्राइवर भूरी सिंह के साथ घर लौट रही थी, तभी उनकी कार की एक कैब से हल्की टक्कर हो गई। आरोप है कि इसके बाद कई टैक्सी ड्राइवर मौके पर जमा हो गए और कार चालक के साथ हाथापाई करने लगे। इस दौरान कुछ लोगों ने छात्रा की कार को चारों तरफ से घेर लिया और दरवाजे खोलने की कोशिश की।

डरी हुई छात्रा ने तुरंत कार का सेंट्रल लॉक लगा लिया और अपनी मां को वीडियो कॉल कर पूरी घटना की जानकारी दी। परिजनों का कहना है कि उन्होंने पुलिस कंट्रोल रूम में करीब 20 बार कॉल की, लेकिन पुलिस करीब 37 मिनट बाद मौके पर पहुंची। इस दौरान छात्रा लगातार दहशत में रही और रोती रही।

महिला ने सोशल मीडिया पर पूरी घटना साझा करते हुए आरोप लगाया कि पुलिस के पहुंचने के बाद भी माहौल तनावपूर्ण बना रहा। उनका दावा है कि पीछा छुड़ाने और मामला शांत कराने के लिए आरोपियों को दो हजार रुपये देने पड़े।

मामले के सामने आने के बाद गुरुग्राम पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने कहा कि सोशल मीडिया के जरिए मामले की जानकारी मिली है और यह भी जांच की जा रही है कि पुलिस के पहुंचने में देरी क्यों हुई। जांच के आधार पर आगे कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Click to Un-Mute
WhatsApp icon
AWAZ PLUS
Contact us!
Phone icon
AWAZ PLUS