ओटीटी प्लेटफॉर्म की दुनिया में इन दिनों नई वेब सीरीज ‘लुक्खे’ जबरदस्त चर्चा में है। 8 मई को अमेजन प्राइम वीडियो पर रिलीज हुई यह 8 एपिसोड की सीरीज आते ही ट्रेंडिंग लिस्ट में शामिल हो गई है। पंजाब में फैलते ड्रग्स नेटवर्क और युवाओं की बर्बाद होती जिंदगी पर आधारित इस क्राइम म्यूजिकल ड्रामा को दर्शकों से शानदार रिस्पॉन्स मिल रहा है।

सीरीज की कहानी पंजाब के उस अंधेरे सच को दिखाती है, जहां म्यूजिक इंडस्ट्री की चमक के पीछे नशे का खतरनाक कारोबार छिपा हुआ है। कहानी का केंद्र है युवा हॉकी खिलाड़ी लकी, जिसकी जिंदगी दोस्त की मौत के बाद पूरी तरह बदल जाती है। ड्रग्स केस में फंसने के बाद उसे रीहैब सेंटर भेजा जाता है, जहां उसकी मुलाकात सनोबर से होती है। दोनों के बीच प्यार पनपता है, लेकिन कहानी में बड़ा मोड़ तब आता है जब सनोबर का संबंध मशहूर रैपर एमसी बदनाम से जुड़ता है, जो युवाओं को ड्रग्स के जाल में धकेल रहा होता है।
सीरीज में ड्रग्स माफिया, म्यूजिक इंडस्ट्री और युवाओं की मानसिक स्थिति को बेहद दमदार अंदाज में दिखाया गया है। कई दर्शकों को इसमें फिल्म ‘उड़ता पंजाब’ जैसी झलक भी देखने को मिल रही है। यही वजह है कि सोशल मीडिया पर भी ‘लुक्खे’ को लेकर लगातार चर्चा हो रही है।
सीरीज में पलक तिवारी, किंग, लक्ष्वीर सरन, राशि खन्ना और शिवांकित सिंह परिहार अहम भूमिकाओं में नजर आए हैं। निर्देशन हिमांक गौड़ ने किया है। कम एपिसोड और तेज रफ्तार कहानी के कारण दर्शक इसे एक ही बार में देखने को मजबूर हो रहे हैं।
ड्रग्स के खिलाफ मजबूत संदेश और थ्रिल से भरपूर कहानी की वजह से ‘लुक्खे’ फिलहाल ओटीटी की सबसे चर्चित सीरीज बन चुकी है।
