भीलवाड़ा (राजस्थान):
राजस्थान के भीलवाड़ा जिले में गैस, पेट्रोल और डीजल की किल्लत को लेकर सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 युवकों को गिरफ्तार किया है। हालांकि बाद में सभी आरोपियों को जमानत पर रिहा कर दिया गया।
पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह के अनुसार, ईरान और इजरायल-अमेरिका के बीच जारी युद्ध की पृष्ठभूमि में पेट्रोलियम उत्पादों की कमी को लेकर सोशल मीडिया पर भ्रामक पोस्ट डाली जा रही थीं। इस पर पुलिस लगातार निगरानी रख रही थी।
फॉलोअर्स बढ़ाने के लिए फैलाई अफवाह
जांच में सामने आया कि कुछ सोशल मीडिया यूजर्स जानबूझकर अपने फॉलोअर्स और व्यूअर्स बढ़ाने के उद्देश्य से झूठी और भ्रामक जानकारी साझा कर रहे थे, जिससे आम जनता में भ्रम और भय का माहौल बन रहा था।
10 आरोपियों की पहचान
पुलिस ने ऐसे 10 अकाउंट की पहचान कर संबंधित युवकों को गिरफ्तार किया। इनमें करण जाट, धीरज जाट, अर्पित शर्मा, अर्जुन चौधरी, महेंद्र बैरवा, कैलाश बैरवा, मुकेश प्रजापत, राधेश्याम जाट, ओमप्रकाश और दीपक सिंह शामिल हैं।
वीडियो हटवाकर जारी करवाई माफी
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने सभी आरोपियों से अफवाह फैलाने वाले वीडियो डिलीट करवाए। साथ ही उनसे माफी मंगवाकर सार्वजनिक रूप से वीडियो भी जारी करवाए गए।
पुलिस की अपील
पुलिस प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अपुष्ट या भ्रामक जानकारी सोशल मीडिया पर साझा न करें। ऐसा करने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
