पवन खेड़ा के घर पहुंची असम पुलिस, सीएम हिमंता की पत्नी पर लगाए आरोपों को लेकर बढ़ी सियासी गर्मी

नई दिल्ली:
कांग्रेस नेता पवन खेड़ा की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। मंगलवार को असम पुलिस की एक टीम दिल्ली पुलिस के साथ उनके निजामुद्दीन ईस्ट स्थित आवास पर पहुंची। जानकारी के अनुसार, असम पुलिस की चार सदस्यीय टीम ने पहले स्थानीय निजामुद्दीन थाने से संपर्क किया और फिर दिल्ली पुलिस के साथ डी-12 स्थित उनके घर पर पहुंची।

सूत्रों के मुताबिक, पवन खेड़ा इस समय अपने आवास पर मौजूद नहीं हैं और वह दिल्ली से बाहर किसी अन्य राज्य के दौरे पर हैं।

क्या है मामला?
यह पूरा विवाद उस समय शुरू हुआ जब पवन खेड़ा ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा की पत्नी रिनिकी भुइयां शर्मा पर गंभीर आरोप लगाए। खेड़ा ने दावा किया कि रिनिकी शर्मा के पास तीन देशों के सक्रिय पासपोर्ट हैं और उनके विदेशों में निवेश व संपत्तियां हैं।

इन आरोपों के बाद सीएम हिमंता बिस्वा सरमा और उनकी पत्नी ने पवन खेड़ा के खिलाफ FIR दर्ज कराई। उन्होंने आरोपों को पूरी तरह झूठा और भ्रामक बताया। रिनिकी शर्मा ने कहा कि यह सब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और फोटोशॉप के जरिए फैलाया गया फर्जी प्रचार है।

सीएम हिमंता का पलटवार
मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने आरोप लगाया कि पवन खेड़ा के खिलाफ पहले से ही तीन से चार मामले दर्ज हैं, जिनमें चुनाव परिणामों को प्रभावित करने के लिए उग्रवादी संगठनों से संपर्क करने की कोशिश के आरोप शामिल हैं। उन्होंने कहा कि मामले की जांच जारी है और चुनाव के बाद सच्चाई सामने आएगी।

सीएम सरमा ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “चुनाव के बाद पता चलेगा कि जेल कौन जाएगा। मुझे लगता है कि पवन खेड़ा का अगला संबोधन असम की जेल से होगा।”

सियासी माहौल गरमाया
इस पूरे घटनाक्रम के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है। एक तरफ कांग्रेस नेता आरोपों को लेकर घिरे हुए हैं, वहीं बीजेपी और असम सरकार इस मुद्दे पर आक्रामक रुख अपनाए हुए हैं। फिलहाल, मामले की जांच जारी है और आने वाले दिनों में इस पर और राजनीतिक बयानबाजी तेज होने की संभावना है।

Click to Un-Mute
WhatsApp icon
AWAZ PLUS
Contact us!
Phone icon
AWAZ PLUS