कोलकाता: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बुधवार को भवानीपुर विधानसभा सीट से तृणमूल कांग्रेस (TMC) उम्मीदवार के रूप में अपना नामांकन दाखिल कर दिया। नामांकन से पहले ममता बनर्जी ने जोरदार शक्ति प्रदर्शन करते हुए पैदल मार्च किया, जिसमें बड़ी संख्या में पार्टी नेता और समर्थक शामिल हुए।

कालीघाट स्थित अपने आवास से निकलकर ममता बनर्जी करीब 800 मीटर पैदल चलकर अलीपुर सर्वे बिल्डिंग पहुंचीं, जहां उन्होंने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इस दौरान उन्होंने सड़क किनारे मौजूद कार्यकर्ताओं और समर्थकों का हाथ जोड़कर अभिवादन किया।
नामांकन के बाद ममता बनर्जी ने जनता से अपील करते हुए कहा कि सिर्फ भवानीपुर ही नहीं, बल्कि पूरे पश्चिम बंगाल की 294 सीटों पर TMC की जीत सुनिश्चित करें। उन्होंने मतदाता सूची से नाम हटाए जाने के मुद्दे पर चिंता जताते हुए कहा कि SIR प्रक्रिया के दौरान कई लोगों के नाम हटाए गए, जो दुखद है।
भवानीपुर में दिलचस्प मुकाबला
भवानीपुर सीट पर इस बार मुकाबला काफी अहम माना जा रहा है। यहां ममता बनर्जी का सामना भाजपा उम्मीदवार शुभेंदु अधिकारी से होगा। शुभेंदु अधिकारी भी पहले ही केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और अन्य वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में नामांकन दाखिल कर शक्ति प्रदर्शन कर चुके हैं। इस सीट को 2026 विधानसभा चुनाव का प्रतिष्ठित केंद्र माना जा रहा है।
‘मिनी इंडिया’ कहलाता है भवानीपुर
भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र सामाजिक विविधता के लिए जाना जाता है। यहां बंगाली मध्यमवर्गीय परिवारों के साथ-साथ मारवाड़ी, गुजराती, पंजाबी, सिख और जैन समुदाय के लोग बड़ी संख्या में रहते हैं। साथ ही मुस्लिम आबादी भी यहां प्रभावशाली है।
आंकड़ों के अनुसार, क्षेत्र में करीब 42% बंगाली हिंदू, 34% गैर-बंगाली हिंदू और लगभग 24% मुस्लिम मतदाता हैं। यही कारण है कि भवानीपुर को अक्सर ‘मिनी इंडिया’ कहा जाता है।
(आवाज़ प्लस के लिए विशेष रिपोर्ट)
