खबर (आवाज़ प्लस):
पंजाब के चर्चित कमल भाभी हत्याकांड में बड़ी सफलता हासिल करते हुए पुलिस ने मुख्य आरोपी अमृतपाल सिंह मेहरोन को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को मिडिल ईस्ट से डिपोर्ट कर भारत लाया गया, जहां उसे 10 अप्रैल 2026 की सुबह दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के मुताबिक, यह कार्रवाई पंजाब पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस विंग के अंतर्गत ओवरसीज फ्यूजिटिव ट्रैकिंग एंड एक्सट्रैडिशन सेल और केंद्रीय एजेंसियों के सहयोग से अंजाम दी गई।
बताया जा रहा है कि अमृतपाल सिंह मेहरोन, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर कंचन कुमारी उर्फ ‘कमल भाभी’ की हत्या का मुख्य आरोपी है। घटना 9 जून 2025 को बठिंडा में हुई थी, जब आरोपी ने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर कंचन का अपहरण किया और बाद में उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को एक कार में छोड़ दिया गया था, जो आदेश अस्पताल परिसर में खड़ी मिली थी।
इस मामले में आरोपी के तीन सहयोगियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि मुख्य आरोपी वारदात के बाद देश छोड़कर भाग गया था। पुलिस ने तकनीकी जांच और खुफिया इनपुट के आधार पर उसकी लोकेशन मिडिल ईस्ट में ट्रेस की और एक्सट्रैडिशन प्रक्रिया के जरिए उसे भारत लाने में सफलता पाई।
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी ने कथित तौर पर ‘अश्लीलता को बढ़ावा’ देने के आरोप में इस हत्या को अंजाम दिया। हत्या के बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी सामने आया था, जिसमें आरोपी इस वारदात को लेकर बयान देता हुआ दिखाई दिया था।
पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर मामले के अन्य पहलुओं और संभावित साजिश की गहराई से जांच कर रही है।
