लखनऊ | आवाज़ प्लस
भारतीय सिनेमा में एक नया इतिहास रचते हुए ‘धुरंधर’ फ्रेंचाइजी ने बॉक्स ऑफिस पर 3000 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है। यह उपलब्धि हासिल करने वाली यह देश की पहली फिल्म सीरीज बन गई है। शानदार कमाई के साथ ‘धुरंधर’ ने ‘बाहुबली’ और ‘पुष्पा’ जैसी सुपरहिट फ्रेंचाइजियों को पीछे छोड़ते हुए नंबर वन का सिंहासन अपने नाम कर लिया है।

शुरुआत से ही दिखा दम
इस गाथा की शुरुआत 5 दिसंबर 2025 को रिलीज हुई फिल्म ‘धुरंधर’ से हुई थी। रिलीज के साथ ही फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर धमाकेदार प्रदर्शन किया। भारत में फिल्म ने 840.20 करोड़ रुपये का नेट और 1007.85 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया, जबकि ओवरसीज में 299.50 करोड़ रुपये की कमाई की। इस तरह फिल्म का कुल वर्ल्डवाइड कलेक्शन 1307.35 करोड़ रुपये रहा।
सीक्वल ने तोड़े सारे रिकॉर्ड
पहले भाग की सफलता के बाद आए ‘धुरंधर 2: द रिवेंज’ ने कमाई के नए आयाम स्थापित कर दिए। रणवीर सिंह के दमदार अभिनय से सजी इस फिल्म ने भारत में 1083.65 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया, जो किसी एक भाषा की फिल्म के लिए रिकॉर्ड है। वहीं, वैश्विक स्तर पर फिल्म ने 1712 करोड़ रुपये की जबरदस्त कमाई की।
कुल कमाई ने बनाया नया कीर्तिमान
दोनों फिल्मों के संयुक्त आंकड़ों के अनुसार, ‘धुरंधर’ फ्रेंचाइजी का कुल भारत नेट कलेक्शन 1923.85 करोड़ रुपये, भारत ग्रॉस 2305.35 करोड़ रुपये और ओवरसीज 714 करोड़ रुपये रहा। इस प्रकार कुल वर्ल्डवाइड कलेक्शन 3019.35 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।
‘बाहुबली’ और ‘पुष्पा’ से आगे निकली ‘धुरंधर’
कमाई के मामले में ‘धुरंधर’ ने अब तक की सबसे सफल फ्रेंचाइजियों को पीछे छोड़ दिया है। ‘बाहुबली’ सीरीज जहां करीब 2438 करोड़ रुपये पर सिमटी रही, वहीं ‘पुष्पा’ फ्रेंचाइजी का कुल कलेक्शन लगभग 2092.20 करोड़ रुपये रहा।
भारतीय सिनेमा के लिए मील का पत्थर
विशेषज्ञों के मुताबिक, ‘धुरंधर’ की यह सफलता न सिर्फ एक फिल्म की जीत है, बल्कि भारतीय सिनेमा की वैश्विक पहुंच और बढ़ती ताकत का प्रमाण भी है। आने वाले समय में यह फ्रेंचाइजी नए रिकॉर्ड स्थापित कर सकती है।
