पटना/आवाज़ प्लस:
बिहार की राजनीति आज एक बड़े बदलाव की ओर बढ़ रही है। मुख्यमंत्री Nitish Kumar आज अपने पद से इस्तीफा देने जा रहे हैं। इस्तीफे से पहले वे मुख्यमंत्री के रूप में अपनी आखिरी कैबिनेट बैठक करेंगे। इसके बाद राज्य में नए नेतृत्व को लेकर औपचारिक प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।

सूत्रों के मुताबिक, दोपहर 3 बजे बीजेपी विधायक दल की बैठक में नए मुख्यमंत्री के नाम पर सहमति बनाई जाएगी, जबकि शाम 4 बजे NDA विधायक दल की बैठक में इस फैसले पर अंतिम मुहर लगेगी। इसके साथ ही बिहार को नया मुख्यमंत्री मिल जाएगा।
डिप्टी CM को लेकर चर्चाएं तेज
नई सरकार के गठन को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चाएं भी तेज हो गई हैं। खासतौर पर Nishant Kumar को डिप्टी सीएम बनाए जाने की अटकलें जोर पकड़ रही हैं। कहा जा रहा है कि इस बार सरकार में केवल एक ही उपमुख्यमंत्री होगा, जबकि वर्तमान में बीजेपी कोटे से दो डिप्टी सीएम मौजूद हैं।
मंत्रिमंडल में बड़े फेरबदल के संकेत
नई सरकार में मंत्रिमंडल को लेकर भी बदलाव की संभावना जताई जा रही है। सूत्रों का कहना है कि बीजेपी अपने कोटे से कुछ ‘नॉन-परफॉर्मिंग’ मंत्रियों को बाहर का रास्ता दिखा सकती है और उनकी जगह नए चेहरों को मौका दिया जा सकता है।
साथ ही, Nitin Nabin के राष्ट्रीय स्तर पर जाने और राज्यसभा सदस्य बनने के बाद खाली हुई जगह को भी किसी प्रभावशाली नेता से भरे जाने की तैयारी है।
कल होगा शपथ ग्रहण समारोह
नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन कल किया जाएगा, जिसमें प्रधानमंत्री Narendra Modi के शामिल होने की संभावना है। यह कार्यक्रम बिहार की राजनीति में नए अध्याय की शुरुआत माना जा रहा है।
नजरें टिकीं नए चेहरे पर
फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि बिहार की कमान किस नेता के हाथों में सौंपी जाएगी। राजनीतिक समीकरणों और गठबंधन की रणनीति के बीच आज शाम तक इस सस्पेंस से पर्दा उठ जाएगा।
