संभल में फिर चला बुलडोजर, चारागाह की जमीन पर बने ईदगाह और इमामबाड़ा ध्वस्त

संभल | आवाज़ प्लस

उत्तर प्रदेश के संभल जिले में एक बार फिर प्रशासन का बुलडोजर एक्शन देखने को मिला। कोतवाली क्षेत्र के बिछोली गांव में गुरुवार सुबह से प्रशासन ने कथित अवैध कब्जे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चारागाह की जमीन पर बने ईदगाह और इमामबाड़े को ध्वस्त कर दिया।

मौके पर किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए कई थानों की पुलिस फोर्स और एक कंपनी पीएसी तैनात रही। प्रशासन की निगरानी में बुलडोजरों ने निर्माण को गिराना शुरू किया, जिससे पूरे क्षेत्र में हलचल मच गई।

कोर्ट के आदेश पर हुई कार्रवाई
प्रशासन के अनुसार, करीब सात बीघा चारागाह की भूमि पर अवैध रूप से ईदगाह का निर्माण किया गया था, जबकि खाद गड्ढे की जमीन पर इमामबाड़ा बनाया गया था। ग्रामीणों की शिकायत के बाद लेखपाल स्पर्श गुप्ता ने 18 जनवरी को तहसीलदार न्यायालय में मामला दायर किया था।

नोटिस के बावजूद नहीं आया कोई पक्षकार
मामले में 31 जनवरी को न्यायालय के निर्देश पर समाचार पत्रों में सार्वजनिक नोटिस जारी किया गया था। नोटिस में संबंधित कब्जाधारियों को अपना पक्ष रखने के लिए कहा गया था, लेकिन निर्धारित समय सीमा के भीतर कोई भी सामने नहीं आया।

प्रशासन ने दिया था स्वयं हटाने का मौका
अधिकारियों का कहना है कि कब्जाधारियों को स्वयं निर्माण हटाने का पर्याप्त समय दिया गया था। जब निर्देशों का पालन नहीं किया गया, तब प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बुलडोजर कार्रवाई की।

अधिकारियों की मौजूदगी में कार्रवाई पूरी
एसडीएम निधि पटेल और नायब तहसीलदार दीपक कुमार जुरैल अपनी टीम के साथ मौके पर मौजूद रहे और पूरी कार्रवाई की निगरानी की। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने के तहत की गई है।

फिलहाल इलाके में शांति बनी हुई है और पुलिस बल को एहतियातन तैनात रखा गया है।

Click to Un-Mute
WhatsApp icon
AWAZ PLUS
Contact us!
Phone icon
AWAZ PLUS