चेन्नई: तमिलनाडु की राजनीति में बड़ा उलटफेर देखने को मिल रहा है। विधानसभा चुनाव में शानदार प्रदर्शन करने वाली TVK (तमिलगा वेत्त्री कड़गम) के प्रमुख थलापति विजय आज राज्यपाल से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे। कांग्रेस ने TVK को समर्थन देने का फैसला किया है, जिसके बाद राज्य की सियासत और गर्म हो गई है।

सूत्रों के मुताबिक, TNCC कार्यालय में अहम बैठक बुलाई गई है। बैठक के बाद कांग्रेस के पांच विधायक विजय से मुलाकात करेंगे और समर्थन पत्र राज्यपाल को सौंपेंगे। बताया जा रहा है कि कांग्रेस ने समर्थन के बदले सरकार में दो मंत्री पदों की मांग रखी है।
कांग्रेस के फैसले से DMK नाराज
कांग्रेस के TVK को समर्थन देने से DMK में नाराजगी साफ दिखाई दे रही है। DMK नेताओं ने कांग्रेस पर “गद्दारी” का आरोप लगाया है। पार्टी प्रवक्ताओं का कहना है कि इस फैसले का असर आने वाले लोकसभा चुनावों में देखने को मिलेगा।
वहीं AIADMK के कुछ विधायकों ने पार्टी महासचिव एडप्पाडी पलानीस्वामी से TVK को बाहर से समर्थन देने की मांग की है। इस मुद्दे पर आज फैसला हो सकता है।
लेफ्ट पार्टियों ने समर्थन को लेकर 8 मई तक का समय मांगा है, जबकि IUML के दो विधायकों ने DMK गठबंधन के साथ बने रहने का फैसला किया है।
तमिलनाडु चुनाव में किसे कितनी सीटें?
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में नई पार्टी TVK सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है।
- TVK – 108 सीट
- DMK – 59 सीट
- AIADMK – 47 सीट
- कांग्रेस – 5 सीट
- PMK – 4 सीट
23 अप्रैल को हुए चुनावों के नतीजे 4 मई को घोषित किए गए थे। पहली बार चुनाव मैदान में उतरी TVK ने राज्य की पारंपरिक पार्टियों को पीछे छोड़कर बड़ा राजनीतिक संदेश दिया है।
अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि क्या थलापति विजय तमिलनाडु में सरकार बनाने में सफल होंगे और जनता की उम्मीदों पर खरे उतर पाएंगे।
