ओटीटी की सुपरहिट वेब सीरीज The Family Man में जेके तलपड़े का किरदार निभाकर घर-घर में पहचान बनाने वाले Sharib Hashmi इन दिनों अपनी निजी जिंदगी को लेकर बेहद मुश्किल दौर से गुजर रहे हैं। उनकी पत्नी नसरीन हाशमी एक बार फिर कैंसर की चपेट में आ गई हैं।

हाल ही में एक इंटरव्यू में शारिब और उनकी पत्नी नसरीन ने खुलासा किया कि नसरीन अब तक 5 बार कैंसर को मात दे चुकी हैं और उनकी 5 सर्जरी हो चुकी हैं। लेकिन अब छठी बार कैंसर ने फिर हमला कर दिया है। बताया जा रहा है कि इस बार बीमारी शरीर के कई हिस्सों तक फैल चुकी है और इलाज जारी है।
शारिब हाशमी ने भावुक होते हुए कहा कि जब पहली बार 2018 में उन्हें पत्नी की बीमारी के बारे में पता चला था, तब वह पूरी तरह टूट गए थे। उन्होंने बताया कि नसरीन बेहद हिम्मत के साथ इस गंभीर बीमारी का सामना कर रही हैं और वही पूरे परिवार की ताकत बनी हुई हैं।
नसरीन ने भी बातचीत में बताया कि शारिब हर मुश्किल घड़ी में उनके साथ मजबूती से खड़े रहे। शूटिंग में व्यस्त रहने के बावजूद वह अस्पताल में उनके साथ रहते थे और डिस्चार्ज होने तक उनका हाथ नहीं छोड़ते थे।
शारिब और नसरीन की शादी 27 दिसंबर 2003 को हुई थी। दोनों की लव स्टोरी कई साल पुरानी है और आज भी दोनों एक-दूसरे का सबसे बड़ा सहारा बने हुए हैं। उनके एक बेटा और एक बेटी हैं।
वर्कफ्रंट की बात करें तो शारिब हाशमी ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत साल 2008 में की थी, लेकिन उन्हें असली पहचान Filmistaan और बाद में The Family Man से मिली। जेके तलपड़े के किरदार ने उन्हें दर्शकों का चहेता बना दिया।
