महाराष्ट्र निकाय चुनाव में महायुति की ऐतिहासिक जीत, पीएम मोदी ने जनता का जताया आभार

महाराष्ट्र में हुए स्थानीय निकाय चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (BJP) और उसके नेतृत्व वाले महायुति गठबंधन को मिली बड़ी जीत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्य की जनता का हृदय से धन्यवाद किया है। प्रधानमंत्री ने इस जनादेश को जनकेंद्रित विकास के प्रति जनता के मजबूत विश्वास का प्रतीक बताया है।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा,

“महाराष्ट्र विकास के साथ मजबूती से खड़ा है। नगर परिषद और नगर पंचायत चुनावों में भाजपा और महायुति को आशीर्वाद देने के लिए महाराष्ट्र की जनता का आभारी हूं।”
उन्होंने कहा कि यह जीत सरकार की नीतियों और विकास के उस मॉडल पर जनता की मुहर है, जिसमें आम नागरिक की जरूरतों को प्राथमिकता दी जाती है।

जनकेंद्रित विकास के संकल्प को बताया जीत की वजह

पीएम मोदी ने आगे कहा कि यह परिणाम जनकेंद्रित विकास के उनके दृष्टिकोण में जनता के भरोसे को दर्शाता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर महाराष्ट्र के हर नागरिक की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए और अधिक ऊर्जा व समर्पण के साथ काम करती रहेंगी। साथ ही, उन्होंने जमीनी स्तर पर कड़ी मेहनत करने वाले भाजपा और महायुति के कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों की भी जमकर सराहना की।

मुख्यमंत्री फडणवीस ने बताया ऐतिहासिक जनादेश

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस जीत को ऐतिहासिक जनादेश करार दिया। उन्होंने कहा कि यह सफलता केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों, विकास कार्यों और सुशासन का परिणाम है। फडणवीस के अनुसार, जनता ने स्पष्ट संदेश दिया है कि वह स्थिर सरकार और विकास के एजेंडे के साथ खड़ी है।

निकाय चुनावों में भाजपा सबसे आगे

महाराष्ट्र निकाय चुनावों में कुल 288 मेयर पदों में से भाजपा ने 120 सीटों पर जीत दर्ज कर सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरकर सामने आई।
अन्य दलों का प्रदर्शन इस प्रकार रहा—

  • शिवसेना (एकनाथ शिंदे गुट): 54 सीटें
  • एनसीपी (अजित पवार): 40 सीटें
  • कांग्रेस: 34 सीटें
  • शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट): 8 सीटें
  • एनसीपी (शरद पवार गुट): 7 सीटें

2017 के मुकाबले बड़ा उछाल

रुझानों और परिणामों के मुताबिक, भाजपा ने इस बार 129 नगर परिषदों (करीब 45%) में जीत दर्ज की, जबकि 2017 में यह संख्या 94 थी। वहीं, महायुति गठबंधन ने कुल 288 नगर परिषदों में से 215 (लगभग 74.65%) में जीत हासिल कर अपना दबदबा साबित किया।

राजनीतिक संदेश साफ

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह जीत आगामी चुनावों के लिहाज से बेहद अहम है। स्थानीय निकाय स्तर पर मिली सफलता ने महायुति को न केवल संगठनात्मक मजबूती दी है, बल्कि यह भी संकेत दिया है कि महाराष्ट्र की जनता विकास, स्थिरता और मजबूत नेतृत्व को प्राथमिकता दे रही है।

Click to Un-Mute
WhatsApp icon
+919335693356
Contact us!
Phone icon
+919335693356