Monday, 20 February 2017 4:00PM
AWAZ PLUS DESK
नई दिल्ली: हौजखास विलेज में नॉर्थ ईस्ट की युवती के साथ हुए रेप मामले में पुलिस को अहम क्लू हाथ लगा है। पुलिस को उस रेस्त्रा की सीसीटीवी फुटेज हाथ लगी है, जिसमें पीड़िता अपनी बहन के साथ गई थी। फुटेज में यह देखा गया है कि पीड़िता व उसकी बहन तीन लड़कों के साथ बैठकर ड्रिंक कर रहे थे। इन्हीं तीन लड़कों में वह लड़का भी शामिल है, जिसने पीड़िता के साथ डियर पार्क में दो बार रेप किया और उसका आई फोन-5 व 600 रुपये लेकर भाग गया। पुलिस सूत्रों का कहना है कि जल्द ही मामले को सुलझा लिया जाएगा।
साउथ डिस्ट्रिक्ट पुलिस के एक सीनियर ऑफिसर ने बताया कि पीड़िता ने एफआईआर दर्ज कराते हुए यह बयान दिया था कि उसकी बहन एक स्पा में काम करती है। रविवार शाम को वह अपनी बहन के साथ हौजखास विलेज गई, जहां दोनों एक रेस्त्रा में बैठे थे। वहीं इन दोनों की मुलाकात तीन लड़कों से हुई, जिन्हें ये पहले से नहीं जानती थीं। दोनों बहनों ने तीन-तीन पेग पिये और कुछ देर बाद उन तीनों लड़कों के साथ रेस्त्रा से बाहर आ गईं। तीनों लड़कों ने उन दोनों बहनों को अपने साथ कार में चलने को कहा। इस पर पीड़िता की बहन कार में जाने को तैयार हो गई लेकिन पीड़िता ने मना कर दिया।
एक लड़का पीड़िता के साथ ही रुक गया, जो उसे अपने साथ डियर पार्क में ले गया। पार्क में घूमते हुए उस लड़के ने पीड़िता के साथ फिजिकल होना चाहा, लड़की ने विरोध जताया तो उसने जबरदस्ती की। पीड़िता ने एफआईआर में यह भी बताया है कि उसके पीरियड्स चल रहे हैं। लड़के ने जबरदस्ती करते हुए सैनेटरी नैपकीन हटाने के बाद उसके साथ रेप किया। दूसरी बार भी जब वह रेप करने लगा तो लड़की ने उसे डराने के लिए खुद के सिर पर पत्थर मार लिया। लेकिन वह लड़का नहीं माना और दोबारा से उसे हवस का शिकार बनाया। इसके बाद लड़का उसका आईफोन-5 व 600 रुपये लेकर भाग गया।