Wednesday, 30 August 2023 00:00
AWAZ PLUS MEDIA HOUSE
ओलपाड समुद्री तट पर 20 फीट लंबी एक व्हेल मछली फंस गई। लगभग 22 घंटे कड़ी मेहनत करने के बाद उसे फिर से समुद्र में छोड़ा गया। ग्रामीणों ने उसे जिंदा रखने के लिए सराहनीय काम किया।
सूरत। ओलपाड में एक व्हेल मछली के समुद्री किनारे पर फंसने का मामला सामने आया है। दरअसल मोर गांव के समुद्री तट पर कीचड़ में एक व्हेल मछली फंस गई। इस व्हेल का वजन करीब 2 टन और इसकी लंबाई लगभग 20 फीट बताई जा रही है। व्हेल के कीचड़ में फंसने के कारण उसे अपनी जान बचाने के लिए संघर्ष करना पड़ा क्योंकि वहां पानी की कमी थी।
व्हेल को किया गया रेस्क्यू
समुद्र किनारे व्हेल मछली को कीचड़ में फंसे देख वहां के स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। इसकी सूचना मिलने के बाद वन विभाग के अधिकारी भी तुरंत वहां पहुंचे और व्हेल का रेस्क्यू अभियान शुरू किया। व्हेल मछली का वजन काफी ज्यादा था इसलिए उसके रेस्क्यू में काफी समय लगा। करीब 22 घंटे तक कड़ी मेहनत करने के बाद कल देर शाम प्रशासन ने वन विभाग की टीम और मछुआरों की मदद से व्हेल मछली को समुद्र के पानी में वापस पहुंचाया।
ग्रामीणों ने किया सराहनीय काम
समुद्र में घटते ज्वार के कारण व्हेल मछली समुद्र किनारे कीचड़ में फंस गई। वहां पानी की कमी के कारण व्हेल मछली छटपटाने लगी। ऐसा देखते ही ग्रामीण उसे बचाने में जुट गए। गांव के लोगों ने समुद्र का पानी व्हेल के किनारे भरकर करीब 22 घंटे तक व्हेल को जिंदा बचाए रखा।